पाठ 16 नौबतखाने में इबादत
यतीन्द्र मिश्र
प्रश्न 1) शहनाई की दुनिया में डुमराँव गाँव को क्यों याद किया जाता है ?
उत्तर ) अमीरुद्दीन अर्थात उस्ताद बिस्मिल्ला खाँ का जन्म डुमराँव गाँव में हुआ | यह शहनाई वादन में विश्वप्रसिद्ध हैं | इसके अतिरिक्त शहनाई वादन में जिस रीड का प्रयोग किया जाता है, वह नरकट (एक विशेष प्रकार की घास) से बनती है , जो डुमराँव गाँव के समीप सोन नदी के किनारे पाई जाती है | इन दोनों कारणों से शहनाई की दुनिया में डुमराँव गाँव को याद किया जाता है |
प्रश्न 2) बिस्मिल्ला खाँ को शहनाई की मंगलध्वनि का नायक कहा गया है ?
उत्तर ) जहाँ कहीं भी मांगलिक कार्य का आयोजन हो वहाँ उस्ताद बिस्मिल्ला खाँ की शहनाई की ध्वनि सुनाई देगी | समारोह में शहनाई की गूँज का अभिप्राय: उस्ताद बिस्मिल्ला खाँ से है | गंगा के किनारे स्थित बालाजी का मंदिर हो या विश्वनाथ का मंदिर अथवा संकटमोचन मंदिर सब जगह संगीत के समारोह में उनकी शहनाई की चर्चा रहती थी | मंदिरों में प्रभाती की मंगल ध्वनि उनकी शहनाई वादन के रूप में सुनाई पड़ती है | हर व्यक्ति उनकी शहनाई वादन कला का दीवाना था| इसलिए उन्हें शहनाई की मंगल ध्वनि का नायक कहा जाता हैं |
प्रश्न 3 ) सुषिर-वाद्यों से क्या तात्पर्य है ? शहनाई को ‘सुषिर –वाद्यों’ में शाह की उपाधि क्यों दी गई होगी ?
उत्तर ) ‘सुषिर’ बाँस अथवा मुँह से फूँककर बजाए जाने वाले वाद्यों से निकलने वाली ध्वनि को कहा जाता है | इसी कारण ‘सुषिर-वाद्यों’ से अभिप्राय: उन वाद्ययंत्रों से है जो फूँककर बजाए जाने पर ध्वनि उत्पन्न करते हैं | इनमें नाड़ी नरकट या रीड होती है, को ‘नय’ कहा जाता है | इसी कारण शहनाई को ‘सुषिर-वाद्यों में शाह’ की उपाधि दी गई होगी |
प्रश्न 4) आशय स्पष्ट कीजिए –
(क)‘फटा सुर न बख्शें | लुंगिया का क्या है, आज फटी है, तो कल सी जाएगी’ |
(ख)उत्तर ) दिन-रात सुरों की इबादत में लगे रहने वाले बिस्मिल्ला खाँ
से जब उनकी एक शिष्या ने कहा कि वे फटी लुंगी न पहना करें तो उन्होंने कहा कि लुंगी यदि आज फटी है तो कल सिल जाएगी, किन्तु यदि एक बार सुर बिगड़ गया तो सँवरना मुश्किल है | अत: अपने पहनावे से कहीं अधिक ध्यान उनका सुर पर होता था |
ख) ‘मेरे मालिक सुर बख्श दे | सुर में वह तासीर पैदा कर कि आँखों से सच्चे मोती कि तरह अनगड़ ख आँसू निकाल आएँ |’
उत्तर ) इन पंक्तियों के माध्यम से बताया गया है कि बिस्मिल्ला खाँ शहनाईवादन वादन में बेजोड़ है | वह अस्सी वर्षों से शहनाई बजा रहे है | फिर भी नमाज़ पढ़ते समय वह परमात्मा से हर रोज प्रार्थना करते है कि हे ईश्वर ! मुझे मधुर स्वर प्रदान कर | मेरे सुरों में ऐसा प्रभाव उत्पन्न कर दे जिसे सुनकर लोग प्रभावित हो उठें | उनकी आँखों से भाववेश में सच्चे मोतियों के समान अनायास आँसुओं की झड़ी लग जाए |
प्रश्न 5) काशी में हो रहे कौन से परिवर्तन बिस्मिल्ला खाँ को व्यथित करते थे ?
उत्तर) काशी की अनेक परम्पराएँ धीरे – धीरे लुप्त होती जा रही थीं, पहले काशी खान –पान की चीजों के लिए विख्यात हुआ करता था परंतु अब वह बात नहीं रह गई थी| काशी के पक्का महल से मलाई बर्फी वाले जा चुके थे | न अब वहाँ देसी घी की कचौड़ी जलेबी थी और न ही संगीत के लिए गायकों के मन में आदर का भाव था | जिनके कारण बिस्मिल्ला खाँ को बहुत दुख था | वे उनके विषय में सोचकर अत्यंत व्याकुल हो उठे थे |
प्रश्न 6) पाठ में आए किन प्रसंगों के आधार पर आप कह सकते हैं कि-
क) बिस्मिल्ला खाँ मिली-जुली संस्कृति के प्रतीक थे | अथवा
शहनाईवादक बिस्मिल्ला खाँ के धर्मनिरपेक्ष व्यक्तित्व का वर्णन कीजिए |
उत्तर ) वह एक शिया मुसलमान का बेटा था जो सुबह उठकर बाबा विश्वनाथ के मंदिर में शहनाई बजाता | फिर गंगा स्नान करता था और बालाजी के सामने रियाज़ करता | फिर भी वह हिन्दू नहीं हो गया था जो मानता था कि उसे बालाजी ने शहनाई में सिद्धि दे दी है |वह मुहर्रम के महीने में आठवीं तारीख के दिन खाँ साहब खड़े होकर शहनाई बजाते थे व दलमंडी में फातमान के करीब आठ किलोमीटर कि दूरी तक पैदल रोते हुए, नौहा बजाते जाते थे |
ख ) वे वास्तविक अर्थों में एक सच्चे इंसान थे |
उत्तर ) बिस्मिल्ला खाँ वास्तविक अर्थों में एक सच्चे इंसान थे |वे शहनाई बजाने को ईश्वर की देन मानते थे | व धर्मों से अधिक मानवता, आपसी प्रेम तथा भाईचारे को महत्व देते थे | वे हिन्दु तथा मुस्लिम धर्म दोनों का ही सम्मान करते थे | भारत रत्न से सम्मानित होने पर भी उनमें लेशमात्र भी घमंड नहीं था | वे भेदभाव और बनावटीपन से दूर रहते थे | दौलत से अधिक सुर उनके लिए प्रश्न जरूरी था |
प्रश्न 7) बिस्मिल्ला खाँ के जीवन से जुड़ी उन घटनाओं और व्यक्तियों का उल्लेख करें जिन्होंने
उनकी संगीत साधना को समृद्ध किया ?
उत्तर ) बालाजी के मंदिर के मार्ग में दो रसूलनबाई व बतूलनबाई दो बहनें थी जो ठुमरी,टप्पे आदि का गायन किया करती थीं | बिस्मिल्ला खाँ उनका संगीत सुनने के लिए उनके घर के सामने से गुजारा करते थे | उनके नाना भी शहनाईवादक थे | वह चोरी से नाना की शहनाई उठाकर उसे बाजा-बजाकर देखा करता था| यहीं से उन्हें शहनाई बजाने की प्रेरणा मिली थी | उनके मामा अलीबख्श खाँ एक अच्छे शहनाईवादक थे | वे बिस्मिल्ला खाँ के उस्ताद भी थे | उन्होंने उसे शहनाई बजाने की कला सिखाई थी | उनका सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा है |
रचना व अभिव्यक्ति
प्रश्न 8) बिस्मिल्ला खाँ के व्यक्तित्व की कौन-कौन सी विशेषताओं ने आपको प्रभावित किया ?
उत्तर ) ईश्वर के प्रति आस्थवान बने रहना उनके व्यक्तित्व की अन्य विशेषता है जिसने मुझे प्रभावित किया | वे सदा प्रभु से यहीं प्रार्थना करते की ईश्वर उनके सुरों को नियामत प्रदान करें | उन्होंने जो कुछ जीवन में प्राप्त किया है, उसे वे प्रभु की कृपा समझते थे | धार्मिक उदारता उनके जीवन की अन्य विशेषता है | वे मुसलमान होते हुए भी दूसरे धर्मों का आदर करते थे |वे सादगीपूर्ण जीवन जीते थे | सच्ची लगन से शहनाई वादन का कार्य करते थे | उन्हें इसके लिए पदंमभूषण व भारतरत्न जैसे पुरुस्कार भी मिले | इतनी उपाधियाँ प्राप्त करने के बाद भी उनके मन में कहीं अहंकार की भावना नहीं आई | वे खाने-पीने व संगीत के भी शौकीन थे |
प्रश्न 9) मुहर्रम से बिस्मिल्ला खाँ के जुड़ाव को अपने शब्दों में लिखो |
उत्तर ) मुस्लिम धर्म में मनाए जाने वाले त्योहारों में अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लेते थे | मुहर्रम के दस दिनों में वे किसी प्रकार का मंगल वाद्य नहीं बजाते थे तथा न ही राग-रागिनी गाते थे | इन दिनों वे शहनाई भी नहीं बजाते थे | आठवें दिन दालमंडी से चलने वाले मुहर्रम के जुलूस में पूरे उत्साह के साथ आठ किलोमीटर रोते हुए नौहा बजाते हुए चलते थे |
प्रश्न ) बिस्मिल्ला खाँ कला के अनन्य उपासक थे , तर्क सहित उत्तर दीजिए|
उत्तर )बिस्मिल्ला खाँ कला के अनन्य उपासक थे | उन्होंने अस्सी वर्ष तक लगातार शहनाई बजाकर इस बात को सिद्ध किया | वे ईश्वर से अच्छे सुर की प्राप्ति हेतु प्रार्थना किया करते थे | उन्हें सदा लगता था की खुदा उन्हें कोई ऐसा सुर देगा जिसे सुनकर लोग भाव विभोर हों जाएंगे और उनके आँखों से आँसू बह निकलेंगे | वे कभी अपने आपको पूर्ण नहीं मानते थे | उन्हें कभी भी इतने उपाधियाँ मिलने के बावजूद शहनाई वादन की कला पर घमंड नहीं हुआ | वे उसमें सुधार लाने के लिए सदा प्रयास करते रहे |
भाषा अध्ययन
प्रश्न 11) निम्नलिखित मिश्र वाक्यों के उपवाक्य छाँटकर भेद भी लिखिए |
क) यह जरूर है कि शहनाई और डुमराँव एक- दूसरे के लिए उपयोगी हैं |
उत्तर ) 1. यह जरूर है | (प्रधान उपवाक्य) 2. शहनाई और डुमराँव एक- दूसरे के लिए उपयोगी हैं | (संज्ञा उपवाक्य)
ख) रीड अंदर से पोली होती है, जिसके सहारे शहनाई को फूँका जाता है |
उत्तर ) 1. रीड अंदर से पोली होती है | (प्रधान उपवाक्य)
2. जिसके सहारे शहनाई को फूँका जाता है | (विशेषण उपवाक्य)
ग ) रीड नरकट से बनाई जाती है, जो डुमरॉव में मुख्यत: सोन नदी के किनारे पर पाई जाती है |
उत्तर ) 1. रीड नरकट से बनाई जाती है | (प्रधान उपवाक्य)
2.जो डुमरॉव में मुख्यत: सोन नदी के किनारे पर पाई जाती है | (विशेषण उपवाक्य)
घ ) उनको यकीन है, कभी खुदा यूँ ही उन पर मेहरबान होगा |
उत्तर) 1. उनको यकीन है | (प्रधान उपवाक्य)
2. कभी खुदा यूँ ही उन पर मेहरबान होगा | (संज्ञा उपवाक्य)
ड़) हिरन अपनी महक से परेशान पूरे जंगल में उस वरदान को खोजता है जिसकी गमक उसी में समाई है |
उत्तर) 1. हिरन अपनी महक से परेशान पूरे जंगल में उस वरदान को खोजता है |
(प्रधान उपवाक्य)
2. जिसकी गमक उसी में समाई है | (विशेषण उपवाक्य)
च) खाँ साहब की सबसे बड़ी देन हमें यही है कि पूरे अस्सी बरस उन्होंने संगीत को संपूर्णता व एकाधिकार से सीखने की जिजीविषा को अपने भीतर जिंदा रखा |
उत्तर ) 1. खाँ साहब की सबसे बड़ी देन हमें यही है (प्रधान उपवाक्य)
2. पूरे अस्सी बरस उन्होंने संगीत को संपूर्णता व एकाधिकार से सीखने की जिजीविषा को अपने भीतर जिंदा रखा | (संज्ञा उपवाक्य)
प्रश्न 12 ) निम्नलिखित वाक्यों को मिश्रित वाक्य में बदलिए |
क ) इसी बाल सुलभ हंसी में कई यादें बंद हैं |
उत्तर ) यह वहीं बाल सुलभ हंसी है जिसमें कई यादें बंद हैं |
ख ) काशी में संगीत आयोजन की एक प्राचीन एवं अद्भुत परंपरा है |
उत्तर ) काशी की यह प्राचीन एवं अद्भुत परंपरा है कि यहाँ संगीत आयोजन होते रहते है |
ग ) धत्! पगली ई भारतरत्न हमको शहनईया पे मिला है, लुंगिया पे नाहीं |
उत्तर ) धत्! पगली ई भारतरत्न जो हमको मिला है, ऊ शहनईया पे मिला है, लुंगिया पे नाहीं |
घ ) काशी का नायाब हीरा हमेशा से दो क़ौमों को एक होकर आपस में भाईचारे के साथ रहने की प्रेरणा देता रहा |
उत्तर ) यह काशी का नायाब हीरा है जो हमेशा से दो क़ौमों को एक होकर आपस में भाईचारे के साथ रहने की प्रेरणा देता रहा |
प्रश्न) ‘बिस्मिल्ला खाँ और शहनाई एक-दूसरे की पूरक हैं’- इस कथन की पुष्टि करें |
उत्तर ) जब भी कोई मांगलिक कार्य होता है तो वहाँ सर्वप्रथम बिस्मिल्ला खाँ की शहनाई के स्वर से वातावरण गूंज उठता है | संगीत आयोजन बिस्मिल्ला खाँ की शहनाई के अभाव में अधूरा लगता है | बिस्मिल्ला खाँ का अर्थ उनकी शहनाई, शहनाई का मतलब उनका हाथ और हाथ का आशय उनकी शहनाई से सुरों का निकलना है | फिर देखते ही देखते सारा वातावरण सुरीला हो उठता है | अत: यह कहना उचित ही है कि बिस्मिल्ला खाँ और शहनाई एक-दूसरे की पूरक है |
प्रश्न ) बिस्मिल्ला खाँ को किन-किन उपाधियों से पुरस्कृत किया गया और उनकी सबसे बड़ी देन क्या है ?
उत्तर )उन्हें विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा अनेक मानद उपलब्धियों से अलंकृत किया गया | भारत सरकार ने उन्हें पद्मभूषण व भारतरत्न जैसे महान पुरुस्कारों से सम्मानित किया | अस्सी वर्षों तक उन्होंने संगीत को अच्छी प्रकार से सीखने की इच्छा को अपने भीतर जीवित रखा |
प्रश्न ) ‘नौबतखाने में इबादत’ पाठ का प्रमुख उद्देश्य क्या है ?
उत्तर ) प्रस्तुत पाठ में लेखक ने महान शहनाईवादक बिस्मिल्ला खाँ के जीवन पर प्रकाश डाला है | कला के प्रति प्रेम, सरल एवं सादगीयुक्त जीवन जीने तथा धार्मिक उदारता की प्रेरणा भी दी गई है | इस पाठ में बताया गया है कि कला कोई भी हो, जब तक उसमें तल्लीनता व सच्चे मन से कार्य नहीं करेंगे, तब तक हमें सफलता नहीं मिल सकती | इसी प्रकार हमें अपने धर्म के साथ-साथ दूसरे के धर्मों का आदर करना चाहिए | हमें सफलता प्राप्ति में कभी घमंड नहीं करना चाहिए |
प्रश्न ) काशी का भारतीय संस्कृति में क्या महत्व है ?
उत्तर ) काशी भारतवर्ष का एक धार्मिक स्थल है | यह नगर साहित्य, संगीत आदि कलाओं का केंद्र है | यहाँ बड़े-बड़े साहित्यकार व संगीतकर हुए है जिन्होंने अपनी कला के माध्यम से भारतीय संस्कृति को न केवल जीवित रखा, अपितु उसे विकास की और अग्रसर भी किया | काशी शिक्षा का भी केंद्र रहा है | यहाँ देश –विदेश से विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने आते है | वे यहाँ की संस्कृति से प्रभावित हुए बिना नहीं रहते है |
No comments:
Post a Comment