Sunday, May 15, 2022

मैं क्यों लिखता हूँ ? अज्ञेय (कक्षा दसवीं )

 

मैं क्यों लिखता हूँ ?

                                     अज्ञेय

प्रश्न 1) लेखक के अनुसार प्रत्यक्ष अनुभव की अपेक्षा अनुभूति उनके लेखन में कहीं अधिक मदद करती है, क्यों ?

उत्तर ) लेखक के अनुसार प्रत्यक्ष अनुभव वह होता है जो हम अपने सामने घटित होते हुए देखते है | परंतु अनुभूति संवेदना व कल्पना के सहारे  उस सत्य को आत्मसात कर लेती है, यह वास्तव में रचनाकर के साथ घटित नहीं होती है | अनुभव की तुलना में अनुभूति हृदय के भावों को बाहर निकालने में मदद करती है | लेखन के लिए अनुभूति का होना अति आवश्यक है | ये संवेदना को जागृत करती है  | लेखक अपनी आंतरिक विवशता के कारण ही लिखने के लिए प्रेरित होता है |

प्रश्न 2) लेखक ने अपने आपको हिरोशिमा के विस्फोट का भोक्ता कब और किस तरह महसूस किया है ?

उत्तर ) लेखक हिरोशिमा के बम – विस्फोट के परिणामों को अखबारों में सुन चुका था | लेखक ने अपनी जापान यात्रा के दौरान हिरोशिमा का दौरा किया | उसने अस्पताल में जाकर भयानक विस्फोट से पीड़ित लोगों का इलाज होते हुए देखा | इस अनुभव द्वारा लेखक को उसका भोक्ता बनना स्वीकार न था | कुछ दिन बाद जब उसने किसी स्थान पर एक बड़े से पत्थर पर एक व्यक्ति की उजली छाया देखी | वास्तविकता यह है कि विस्फोट के समय कोई मनुष्य उस पत्थर के पास खड़ा होगा | रेडियो धर्मी किरणों ने उस मनुष्य को भाप की तरह उड़ाकर उसकी छाया पत्थर पर डाल दी | उसे देखकर लेखक के मन में एक अनुभूति थी | उसके मन में विस्फोट का प्रत्यक्ष दृश्य साकार हो उठा | उस समय वह विस्फोट का भोक्ता बन गया था |

प्रश्न 3) मैं क्यों लिखता हूँ के आधार पर बताइए कि –

क)   लेखक को कौन सी बातें लिखने के लिए प्रेरित करती है ?

उत्तर ) लेखक के अनुसार वह स्वयं जानना चाहता है कि वह क्यों लिखना चाहता है ? यहीं उसे जानने की इच्छा उसे लिखने के लिए प्रेरित करती है | वह अपने भीतर उत्पन्न होने वाली विवशता से मुक्ति पाने के लिए भी लिखता है | प्रसिद्धि पाने की इच्छा, आंतरिक विवशता और आर्थिक विवशता उसे लिखने के लिए प्रेरित करती है |

ख)   किसी रचनाकार के प्रेरणा स्रोत किसी दूसरे को कुछ भी रचने के लिए किस तरह उत्साहित कर सकते है ?

उत्तर ) जापान के हिरोशिमा नगर पर बम गिराने वालों ने भी अपना दुष्कर्म करके लेखक को लिखने के प्रेरित किया | कभी-कभी व्यक्ति संपादकों, प्रकाशकों व आर्थिक लाभ से उत्साहित होकर व्यक्ति लेखन कार्य करता है | किन्तु यह कारण कोई जरूरी नहीं है | किन्तु वास्तविक व सच्चा कारण तो लेखक के अंदर उत्पन्न विवशता ही होती है |

प्रश्न 4) कुछ रचनाकारों के लिए आतमनुभूति /स्वयम के अनुभव के साथ – साथ बाह्य दबाव भी महत्वपूर्ण होता है | ये बाह्य दबाव कौन कौन से हो सकते हैं ?

उत्तर ) ये दबाव निम्नलिखित हो सकते हैं –

1)  संपादकों का आग्रह

2)  प्रकाशकों का तक़ाज़ा

3)  आर्थिक लाभ

4)  किसी विषय- विशेष पर प्रचार- प्रसार करने का दबाव

5)  व्यक्तिगत विशेषताएँ

प्रश्न 5) क्या बाह्य दबाव केवल लेखन स जुड़े रचनाकारों को ही प्रभावित करते हैं या अन्य क्षेत्रों से जुड़े कलाकारों को ही प्रभावित करते हैं, कैसे ?

उत्तर ) बिल्कुल ! ये दबाव किसी भी क्षेत्र के कलाकार हो, सबको समान रूप से प्रभावित करते हैं | कलाकार अपनी अनुभूति व खुशी के लिए अवश्य अपनी कला का प्रदर्शन करता है | यदि व कला के किसी क्षेत्र में प्रसिद्धि प्राप्त कर लेता है तो लोगों की उनसे अपेक्षाएँ और बढ़ जाती  हैं | इसके साथ आर्थिक लाभ की भी इच्छा भी हर व्यक्ति पर दबाव डालती है | वह लोगों के दबाव व धन के लालच में आकार कार्य करता है | आज के समय में धन के बिना कोई कार्य संभव नहीं होता है | इस कारण धन की आवश्यकता संबंधी बाह्य दबाव तो हर क्षेत्र के व्यक्ति से जुड़ा रहता है | अत: स्पष्ट है कि केवल रचनाकारों को ही नहीं, अपितु हर क्षेत्र से जुड़े कलाकारों को बाह्य दबाव प्रभावित करते हैं |

प्रश्न 6) हिरोशिमा पर लिखी  कविता लेखक के अंत : व बाह्य दोनों दबाव का परिणाम है | यह आप कैसे कह सकते हैं ?

उत्तर ) हिरोशिमा पर लिखी कविता को हम उनके आंतरिक विवशता का परिणाम कह सकते हैं| उनके लिए उसे किसी संपादक या प्रकाशक ने तकाजा नहीं किया था और न ही उनके सामने आर्थिक दबाव था | इस कविता को उन्होंने अपनी आंतरिक अनुभूति के प्रकाश से प्रभावित होकर लिखा था | अत: यह कविता कवि की आंतरिक अनुभूति का परिणाम है |

प्रश्न 7 ) हिरोशिमा की घटना विज्ञान का भयानकतम दुरूपयोग है | आपकी दृष्टि में विज्ञान का दुरुपयोग कहाँ - कहाँ और किस तरह से हो रहा है ?

उत्तर )  हिरोशिमा तो विज्ञान के दुरूपयोग का ज्वलंत उदारहण है ही पर हम मनुष्यों द्वारा विज्ञान का और भी दुरुपयोग किया जा रहा है | जैसे –

विज्ञान ने यात्रा को सुगम बनाने के लिए हवाई जहाज़, गाड़ियों आदि का निर्माण किया परंतु हमने इनसे अपने वातावरण को ही प्रदूषित किया है| इस विज्ञान की देन के कारण आज हम अंग प्रत्यारोपण कर सकते हैं | परंतु आज इस देन का प्रयोग कर हम मानव अंगों का व्यापार करने लगे है | विज्ञान के प्रयोग से भ्रूण हत्या बढ़ रही है | आज हर देश परमाणु बम बनाने लगा है जो मानव जाति के लिए घातक है | विज्ञान ने कम्प्यूटर व इंटरनेट का आविष्कार मानव के कार्यों के बोझ को कम करने के लिए किया | परंतु हम मनुष्यों ने वायरस व साइबर क्राइम को जन्म दिया है |

प्रश्न 8) एक संवेदनशील युवा नागरिक की हैसियत से विज्ञान का दुरुपयोग रोकने में आपकी क्या भूमिका है ?

उत्तर ) वर्तमान युग में विज्ञान का दुरुपयोग करके पॉलिथीन का निर्माण हो रहा है | यह पॉलिथीन पर्यावरण के लिए अत्यंत हानिकारक है | इससे वातावरण प्रदूषित होने के साथ साथ जीवों का जीवन भी मुसीबत में आ चुका है | कई पशु पक्षी मर रहे है | हमें पॉलिथीन के प्रयोग पर पाबंदी लगानी चाहिए | अनेक प्रकार के रासयानिक पदार्थ खरपतवारनाशक और पैदावार बढ़ाने के रूप में प्रयोग हो रहे हैं | इससे बहुत अधिक जहर हमारे शरीर में जा है | इसके स्थान पर पुरानी गोबर खाद का प्रयोग करना चाहिए |

 

अन्य प्रश्न

 

प्रश्न ) लेखक ने अपने लिखने  का कारण क्या बताया है ?

अथवा

प्रश्न ) मैं क्यों लिखता हूँ, पाठ का उद्देश्य स्पष्ट कीजिए |

उत्तर ) लेखक कहता है कि कोई भी लेखक अपने भीतर की विवशता से निजात पाने के लिए लिखता है | वह अपने भीतर की विवशता से मुक्ति पाने के लिए तथा तटस्थ होकर उसे देखने व पहचानने के लिए लिखता है | वह बाहरी दबावों से प्रभावित होकर बहुत कम लिखता है | उसके लिखने का मुख्य कारण तो उसके भीतर की विवशता है | और वह लिखकर ही स्वयम् को उससे मुक्त कर पाता है |

प्रश्न ) लेखक ने बाहरी दबाव की तुलना प्रश्न किससे की है ?

उत्तर ) लेखक का मानना है कि कुछ रचनाकार बाहरी दबाव के बिना नहीं लिख पाते हैं | उनकी स्थिति वैसे ही होती है जैसे कोई रचनाकार सवेरे नींद खुल जाने पर भी अलार्म बजने तक बिस्तर पर पड़ा रहे |  जब अलार्म बजता है तभी वह उठता है |  इसी प्रकार कुछ रचनाकर भी ऐसे ही होते है जब तक बाहरी दबाव उन पर न पड़े तब तक वे लिखना आरंभ नहीं करते |

प्रश्न ) लेखक ने अणु बम  द्वारा होने वाले व्यर्थ जीव – नाश का अनुभव कैसे किया ? 

अथवा

प्रश्न ) अज्ञेय के अनुसार सैनिक ब्रह्मपुत्र नदी में  बम किस उद्देश्य से फेंकते थे ?

उत्तर ) लेखक ने  युद्ध के समय देखा कि भारत की पूर्वी सीमा पर सैनिक ब्रह्मपुत्र नदी में  बम फेंक हजारों मछलियाँ को मार रहे थे | हालांकि उन्हें खाने के लिए कुछ ही मछलियों की जरूरत थी | इस प्रकार वे बम फेंककर हजारों जलीय जीवों को मार रहे थे | इसे देखकर ही लेखक ने अनुभव किया कि अणु बम के द्वारा भी ऐसे ही असंख्य लोगों को बेकार में ही मारा जा रहा है | हिरोशिमा पर गिराया गया अणु बम इसका स्पष्ट उदाहरण है |

प्रश्न) अज्ञेय ने हिरोशिमा  कविता की रचना कहाँ पर की ?

उत्तर ) लेखक ने हिरोशिमा कविता की रचना जापान से भारत लौटते समय  गाड़ी में बैठे- बैठे  लिखी | यह कविता सन् 1959 में प्रकाशित हुई तथा उनके अरी ओ प्रभामय  काव्य – संग्रह में संकलित है |

प्रश्न ) विज्ञान जैसे विषय के लिए लेखक को इतना गहन ज्ञान कैसे हुआ ?

उत्तर )  लेखक विज्ञान का विद्यार्थी था | उसने विज्ञान विषय पर शिक्षा प्राप्त की है | अणु शक्ति व रेडियो धर्मी पदार्थों का उसे ज्ञान था | उनके प्रभाव के बारे में उसे सम्पूर्ण जानकारी थी |

प्रश्न ) हिरोशिमा पर जब बम फेंका गया तब उस भयावहता को देखकर भी लेखक ने इस विषय पर क्यों नहीं  लिखा ?

उत्तर ) लेखक ने जब हिरोशिमा पर परमाणु बम गिराए जाने की घटना को पढ़ा और सुना तो उसने तत्काल इस विषय पर कुछ नहीं लिखा | वह व्याकुल, बैचन, दुखी तो हुआ, परंतु बौद्धिक रूप से | किसी भी विषय को कोई तभी लिख सकता है जब उसे वह विषय आंतरिक रूप से प्रभावित करे, उसकी संवेदनाओं को उजागर करे |

प्रश्न ) प्रत्यक्ष अनुभव व अनुभूति में क्या अंतर है ?

उत्तर ) जो घटना हमारी आँखों के सामने घटित होती है उसे प्रत्यक्ष अनुभव कहते हैं | यह कोई जरूरी नहीं कि उस घटना से हमारे भावों पर कोई प्रतिकूल या अनुकूल भाव उत्पन्न ही हो | आंतरिक अनुभूति वह होती है जो हमारे हृदय उत्पन्न होने वाले भावों को गहराई से प्रभावित करे, जिससे हमारे मन छटपटा उठे और कुछ कहने के लिए विवश हो जाए | प्रत्यक्ष अनुभव लिखने के लिए प्रेरित नहीं करते, लेकिन अनुभूति लिखने के लिए प्रेरित करती है |

प्रश्न ) लेखक को हिरोशिमा कविता लिखने के लिए किसने प्रेरित किया था ?

उत्तर ) पत्थर पर पड़ी छाया ने इतना पीड़ित व व्यथित कर दिया था कि उन्होंने अपनी पीड़ा कि अभिव्यक्ति के लिए हिरोशिमा नामक कविता लिखा डाली | वे इस प्रकार हिरोशिमा नगर के भोक्ता बन उन्हें उस झुलसे हुए पत्थर ने युद्ध की विभाषिका को व्यक्त करने हेतु प्रेरित किया था |

प्रश्न ) लेखक और कृतिकार में क्या अंतर होता है ?

उत्तर ) लेखक के अनुसार जो साहित्य भीतरी दबाव के कारण लिखा जाए और जिसमें मन की सच्ची छटपटाहट हो उसे कृति कहते है | धन, यश व विवशता आदि की प्रेरणा से लिखा जाने वाला साहित्य लेखन कहलाता है और इस स्थिति में लिखने वाला लेखक कहलाता है |

प्रश्न ) कविता प्रश्न का सबसे महत्वपूर्ण तथ्य क्या है ?

उत्तर ) अज्ञेय जी की दृष्टि में मानव मन में विशिष्ट अनुभूति का उपजना कविता के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात है | मन की गहराई से निकली हुई कविता ही वास्तविक होती है |

प्रश्न ) एक जले हुए पत्थर पर प्रत्यक्ष एक लंबी उजली छाया का वर्णन कीजिए |

उत्तर ) जापान के नगर हिरोशिमा पर दूसरे महायुद्ध के दौरान परमाणु बम गिराया गया था| तब अपार विनाश के साथ - साथ एक बुरी तरह से झुलसे हुए पत्थर पर एक व्यक्ति की लंबी उजली छाया उस पत्थर पर ही रह गई होगी | वह व्यक्ति परमाणु बम से भाप बन कर उड़ गया होगा और उसकी छाया उस पत्थर पर ही रह गई होगी | वह झुलसा हुआ पत्थर अभी भी सहज रूप से इंसान के हृदय में उस समय प्रकट हुए विनाश को प्रकट कर देता है |

 

 

 

 

 

 

 

 

No comments:

Post a Comment

समास

  समास विनय अपने माता और पिता के साथ देव के मंदिर गया | चार राहों के समूह से गुजरते   हुए   उसने घोड़े पर सवारी करते हुए छ्त्रपति शि...