Thursday, May 20, 2021

समाचार –पत्रों के लाभ- निबंध

 

 

समाचार –पत्रों के  लाभ

मानव एक सामाजिक प्राणी है |सामाजिक प्रवृत्ति के कारण ही वह चाहता है कि अपने विचार लोगों तक पहुंचाए तथा दूसरों के विचारों को जाने | वह लोगों के  सुख –दुख में भी बँटाना चाहता है |व्यक्तिगत संतुष्टि के बाद वह समाज से संबंध बनाकर रखना चाहता है |उसकी इस इच्छा की पूर्ति समाचार –पत्र आज करता है समाचार –पत्रों के माध्यम से वह अपना संबंध पूरे विश्व के साथ जोड़ लेता है यही कारण है कि समाचार –पत्र आज मानव के जीवन का एक महत्त्वपूर्ण अंग बन गए हैं |

समाचार –पत्रों के माध्यम से हमें विश्व में घटित होने वाली घटनाओं की जानकारी मिलती है |विदेशो में अर्धरात्रि को घटित होने वाली घटना की सूचना हमें प्रात:काल के समाचार पत्रों में पढ़ने को मिल जाती है |समाज में पलने वाली कुरीतियों का भांडा भी समाचार –पत्रों के माध्यम से फूटता है| दहेज प्रथा ,बाल –विवाह आदि कई कुप्रथाओं को समाज से हटाने का श्रेय कुछ –कुछ समाचार पत्रों को प्राप्त है |

समाचार-पत्रों के माध्यम से हमारे ज्ञान में  वृद्धि होती है| इनमे प्रकाशित विद्वानों के तथा राजनीतिज्ञों के लेख हमारे ज्ञान को बढाने का कार्य करते हैं |साहित्यिक लेख व कहानियां  हमारा ज्ञान बढ़ाने के साथ साथ मनोरंजन  भी करती है |समय समय पर प्रकाशित होने वाले परीक्षोपयोगी लेख छात्रों को परीक्षा उत्तीर्ण कराने में  सहायता प्रदान करते हैं | देश पर जब जब सकंट के बादल छाते हैं ,चाहे वह प्राकृतिक आपदा हो  जैसे  –भूकंप ,बाढ़ या फिर विदेशों द्वारा किया गया हमला ,समाचार –पत्रों ने जनसमुदाय को जाग्रत करने तथा धन संग्रह में  अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है |

 समाचार-पत्र व्यापार का साधन भी रहा है बेचने वाले तथा खरीदने वाले दोनों ही इससे लाभ उठाते हैं |अपने उत्पादनों का विज्ञापन देकर व्यापारी लोग अपना व्यापार बढ़ाते हैं और लोग उन विज्ञापनों को देखकर अपने लिए सामान खरीदते है | समाचार-पत्र हमें मौसम की भी जानकारी देते हैं|ये एक सच्चे आलोचक की भाँति राजनीति में चलने वाली  धांधलियों का पर्दाफ़ाश करते हैं |

विद्यार्थी को बचपन से ही समाचार-पत्र पढ़ने की आदत डालनी चाहिए |इससे न केवल नई –नई जानकारियाँ हासिल होंगी बल्कि उनका बौद्धिक विकास भी होगा |                                                                                                                                        

No comments:

Post a Comment

समास

  समास विनय अपने माता और पिता के साथ देव के मंदिर गया | चार राहों के समूह से गुजरते   हुए   उसने घोड़े पर सवारी करते हुए छ्त्रपति शि...